बहराम क़ासेमी ने ईरान व यूरोप के संबंधों को बिगाड़ने क लिए ईरान की ओर से यूरोप की जासूसी के आरोप से आश्चर्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने अफ़ग़ान मूल के एक जर्मन नागरिक को ईरान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार किए जाने की जर्मन मीडिया की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस संवेदनशील समय में ईरान व यूरोप के संबंधों को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की तरफ़ से इस प्रकार के निराधार आरोप से हमें आश्चर्य नहीं हुआ है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हमने बार बार कहा है कि ईरान व यूरोपीय देशों विशेष कर यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के पुराने संबंधों के अनेक दुश्मन हैं जो इन संबंधों को बिगाड़ने की हर संभव कोशिश करते हैं और निराधार आरोप लगाते रहते हैं। ज्ञात रहे कि एक जर्मन पत्रिका ने हाल ही में दावा किया है कि अमरीका की केंद्रीय गुप्तचर सेवा सीआईए ने जर्मनी की सेना में एक ईरानी जासूस के बारे में गुप्त सूचना दी जिसके बाद उसे गिरफ़्तार कर लिया गया है।